Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आदेश के बाद राजधानी रांची को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई लगातार जारी है. नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने सभी प्रमुख सड़कों से अतिक्रमण हटाने के लिए स्पेशल टीम को निर्देश दिया है. इसके तहत इंफोर्समेंट टीम ने मंगलवार को अरगोरा चौक से डीबडीह पुल और कचहरी रोड में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की है. इस दौरान अरगोडा चौक से आगे अस्थाई निर्माण तोड़े जाने को लेकर दुकानदारों और निगम की टीम के बीच झड़प भी हुई. दुकानदारों ने बाहर लगाए शेड को मानसून को देखते हुए छोड़ने का आग्रह किया, जिसे इंफोर्समेंट टीम ने मानने से इनकार कर दिया. उसके बाद देखते ही देखते करीब 10 अस्थाई निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया. इधर कचहरी रोड में भी सड़क किनारे फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले को खदेड़ा गया. फुटपाथ दुकानदार अपने सामान को लेकर इधर-उधर भागने लगे इसके बावजूद निगम की टीम ने फल- सब्जी सहित चार काउंटरों को जप्त कर लिया.
सड़क नाली पर कब्जा करने वालों से वसूला जायेगा जुर्माना, सामान भी होगा जब्त
निगम की टीम ने अभियान के दौरान नालियों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया और लोगों को चेतावनी दी कि सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों, नालियों और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण के कारण न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि जल निकासी व्यवस्था भी बाधित होती है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. ऐसे में दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा.
ALSO READ: नशा मुक्ति अभियान को लेकर जागरूकता रथ रवाना, उपायुक्त और एसपी ने दिखाई हरी झंडी



