Ranchi: जिले में आम जनता और पुलिस के बीच की दूरी को मिटाने तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए रांची पुलिस ने एक बड़ी और सराहनीय पहल शुरू की है. SSP राकेश रंजन के विशेष निर्देश पर राजधानी रांची के सभी थानों में आज यानि बुधवार को जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. बुधवार सुबह से शुरू हुआ यह अभियान देर शाम तक जारी रहेगा, जिसमें पुलिस अधिकारी सीधे जनता से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं और मौके पर ही उनका निपटारा कर रहे हैं.
अब हर बुधवार को लगेगा शिविर, वरीय अधिकारी रहेंगे मौजूद:
रांची पुलिस के अनुसार, अब यह व्यवस्था स्थाई रूप से लागू कर दी गई है. रांची जिले के सभी थानों में प्रत्येक सप्ताह के बुधवार को जन शिकायत कोषांग का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान आम लोगों की शिकायतों को सुनने के लिए सिर्फ स्थानीय थाना प्रभारी ही नहीं, बल्कि रांची पुलिस के DSP रैंक के अधिकारी और अन्य वरीय पुलिस अधिकारी भी खुद थानों में मौजूद रहेंगे.


बदल जाएगी व्यवस्था: बड़े अधिकारियों के दफ्तरों के नहीं काटने होंगे चक्कर
इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम नागरिकों के बीच समन्वय को मजबूत करना है. अक्सर देखा जाता है कि लोगों को अपनी छोटी-बड़ी शिकायतों के लिए या स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने के कारण सीनियर अधिकारियों (SSP या सिटी एसपी) के कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते थे. इसमें समय और पैसा दोनों बर्बाद होता था, लेकिन अब इस नई व्यवस्था से लोगों को उनके अपने स्थानीय थाने में ही बड़े अधिकारियों के सामने अपनी बात रखने और न्याय पाने का सीधा मौका मिलेगा.

इन सभी मामलों का तुरंत होगा निपटारा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई बार लोग अपनी छोटी-मोटी समस्याओं को लेकर लंबे समय तक थानों के चक्कर लगाते रहते हैं. इस जन शिकायत कोषांग के शुरू होने से आम नागरिकों को ऐसी परेशानियों से तुरंत राहत मिलेगी. इस शिविर में हर प्रकार के मामलों की सुनवाई की जा रही है, जिनमें मुख्य रूप से
– जमीन और संपत्ति से जुड़े विवाद
– आपसी रंजिश और घरेलू विवाद
– धोखाधड़ी और वित्तीय ठगी के मामले
– चोरी, डकैती और स्थानीय सुरक्षा से जुड़ी शिकायतें
– मोहल्ले या पंचायत स्तर की अन्य कानून-व्यवस्था संबंधी समस्याएं
वहां पर मौजूद डीएसपी और थाना प्रभारी सभी प्रकार के मामलों को गंभीरता से देखते हुए उनका जल्द से जल्द और निष्पक्ष निपटारे का प्रयास कर रहे हैं. रांची पुलिस की इस त्वरित कार्यप्रणाली से स्थानीय जनता में काफी उत्साह है और लोग इस कदम की सराहना कर रहे हैं.


