Ranchi : आम जनता से जुड़े मुद्दों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर संवेदनशील रांची पुलिस ने एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता साबित की है. एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जगन्नाथपुर और बरियातू थाना क्षेत्रों से अचानक लापता हुए चार बच्चों को सुरक्षित और सकुशल बरामद कर लिया है. पुलिस की इस तत्परता से परेशान परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस प्रशासन का आभार जताया है.

घर के तनाव से परेशान होकर भागे थे दो बच्चे, तुपुदाना से बरामद:
हाल ही में जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से दो बच्चे अचानक रहस्यमय तरीके से गायब हो गए थे. जांच में यह बात सामने आई है कि ये दोनों बच्चे अपने परिवार वालों के कथित टॉर्चर से परेशान थे, जिसके कारण उन्होंने घर छोड़ने का आत्मघाती कदम उठाया. मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए रांची पुलिस तुरंत हरकत में आई. एसएसपी के निर्देश पर फौरन एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने आधुनिक वैज्ञानिक जांच और तकनीकी अनुसंधान का सहारा लिया. तकनीकी टीम की मदद से पुलिस ने लोकेशन ट्रैक की और तुपुदाना क्षेत्र से दोनों बच्चों (जिसमें एक बालक और एक बालिका शामिल हैं) को सकुशल बरामद कर लिया. फिलहाल दोनों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें काउंसलिंग दी जा रही है.


बरियातू का 15 वर्षीय अश्विन दिल्ली से बरामद:
लापता बच्चों की तलाश में जुटी रांची पुलिस को एक और बड़ी सफलता बरियातू थाना क्षेत्र के मामले में मिली. यहां से लापता हुए 15 वर्षीय किशोर अश्विन आनंद का सुराग लगाने के लिए पुलिस की टेक्निकल सेल को लगाया गया था. वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने दिल्ली में छापेमारी की और अश्विन को पूरी तरह सकुशल बरामद कर रांची वापस ले आई.
दो महीने से लापता पंकज गाजियाबाद में मिला:
इससे पहले बीते 20 मई को भी रांची पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की थी. जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से करीब दो महीने पहले लापता हुआ एक नाबालिग लड़का आखिरकार पुलिस की मेहनत से मिल गया.पंकज के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की थी, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो जगन्नाथपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई. पुलिस लगातार उसकी तलाश में तकनीकी इनपुट्स खंगाल रही थी। अंततः उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिवार की खुशियां लौट आईं.
पुलिस की अपील: बच्चों से संवाद बढ़ाएं परिजन:
रांची पुलिस के अधिकारियों ने इस सफल अभियान के बाद आम जनता और अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और उनकी गतिविधियों पर ध्यान दें. घरों में ऐसा माहौल बनाएं जिससे बच्चे तनावमुक्त रहें और कोई भी गलत कदम उठाने को मजबूर न हों. पुलिस ने साफ किया कि बच्चों से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी.
