Ranchi : राजधानी में रह रहे लोग अपनी समस्याओं को पुलिस की सहयोग से तुरंत निपटा सकते हैं. इसके लिए रांची पुलिस ने सकारात्मक पहल की है. रांची जिले के सभी थानों में प्रत्येक सप्ताह के बुधवार को जन शिकायत कोषांग का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान रांची पुलिस के डीएसपी रैंक के अधिकारी और पुलिस के वरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे. इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों और पुलिस के बीच की दूरी को कम करना है. अक्सर लोगों को अपनी शिकायतों के लिए वरीय अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते थे. अब इस व्यवस्था से लोगों को उनके स्थानीय थाने में ही बड़े अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखने का मौका मिलेगा.
छोटी छोटी समस्याओं में मिलेगी राहत
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई लोग अपनी छोटी छोटी समस्याओं के लिए थाना का चक्कर लगाते रहते हैं. वो सभी चीजों से आम नागरिकों को तुरंत राहत मिलेगी. इस जन शिकायत कोषांग में सभी प्रकार के मामले जैसे आपसी रंजिश, चोरी, डकैती, जमीन विवाद, धोखाधड़ी और स्थानीय समस्याओं से जुड़ी शिकायतों का समाधान किया जायेगा. वहां पर मौजूद पुलिस अधिकारी सभी प्रकार के मामले को जल्द निपटारे के लिए प्रयास करेंगे.

ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
आपको बता दें कि रांची पुलिस के इस कदम से ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी. उन्हें अपनी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा. जिससे उनके समय और पैसे दोनों की बचत होगी. रांची पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित थानों में आयोजित होने वाले इस कोषांग में पहुंचें.
ALSO READ : RTI का सूखा खत्म: राज्यपाल ने दिलाई 4 नए सूचना आयुक्तों को शपथ, अब होगी लंबित मामलों की सुनवाई


