Palamu: जिले के पड़वा प्रखंड अंतर्गत सिक्का गांव में एक रहस्यमयी बीमारी ने दहशत फैला दी है. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है. पिता कुलदीप महतो और उनकी बेटी बबीता कुमारी की मौत के बाद शनिवार को परिवार की एक अन्य सदस्य इंदु कुमारी ने भी दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि कुलदीप महतो की पत्नी लाखो देवी, बहू श्वेता और बेटा नकुल महतो भी इसी बीमारी की चपेट में हैं. सभी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. पीड़ितों के शरीर में सूजन की शिकायत सामने आई है.
रिम्स रेफर करने के बावजूद ओझा के पास ले गए परिजन
स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया था. हालांकि, परिजनों ने उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय अंधविश्वास के कारण रमकंडा थाना क्षेत्र के एक ओझा के पास झाड़-फूंक के लिए पहुंचा दिया. ग्रामीणों के अनुसार अब तक मरीजों की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है. लगातार हो रही मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सिक्का गांव में विशेष मेडिकल कैंप लगाया है. टीम ने ग्रामीणों के रक्त के नमूने लिए हैं और मृतक परिवार के खान-पान, रहन-सहन, पेयजल स्रोत तथा अन्य संभावित कारणों की जांच शुरू कर दी है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बीमारी के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल किसी बीमारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. करीब 1500 की आबादी वाले सिक्का गांव में लगातार हो रही मौतों के बाद ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है. लोग बीमारी के कारणों को लेकर चिंतित हैं और स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं.
ALSO READ : गुमला में किराना सामान से लदी पिकअप चोरी, 4.5 लाख रुपये का माल लेकर फरार हुए चोर


