Ranchi: रांची विश्वविद्यालय ने छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मूल डिग्री प्रमाणपत्र (ओरिजिनल डिग्री सर्टिफिकेट) जारी करने की प्रक्रिया को डिजिटल बना दिया है. अब विद्यार्थियों को डिग्री प्राप्त करने के लिए बार-बार विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. इसके लिए ऑनलाइन आवेदन व्यवस्था शुरू कर दी गई है. विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट ranchiuniversity.ac.in पर जाकर डिग्री प्रमाणपत्र के लिए आवेदन कर सकते हैं. वेबसाइट के Student Facility सेक्शन में उपलब्ध “Apply for Online Degree Certificate” विकल्प के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी. ऑनलाइन आवेदन करने वाले नए अभ्यर्थियों को सबसे पहले पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा. इसके बाद निर्धारित यूजरनेम और पासवर्ड के जरिए लॉगिन कर आवेदन पत्र भरना होगा. विश्वविद्यालय ने पासवर्ड कम से कम आठ अक्षरों का रखने का निर्देश दिया है.

यह भी पढ़ें: ट्रेजरी स्कैम मामले में CID की पूछताछ खत्म, कमीशन और मिलीभगत की बात आई सामने
ऑफलाइन माध्यम से भी कर सकते हैं आवेदन
आवेदन और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यार्थियों को आवेदन पत्र तथा भुगतान रसीद की प्रति रांची विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में जमा करनी होगी, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके. विश्वविद्यालय ने यह भी व्यवस्था की है कि जिन विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने में किसी प्रकार की परेशानी हो, वे वित्त पदाधिकारी की अनुमति प्राप्त कर ऑफलाइन माध्यम से भी आवेदन जमा कर सकते हैं. इसके लिए विश्वविद्यालय परिसर स्थित पीएनबी शाखा के माध्यम से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे.
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: भाजपा ने कहा- ‘जीत हमारी तय, पक्ष हो या विपक्ष, सबसे मांगेंगे वोट’
