Seraikela : अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार द्वारा आज प्रखंड सह अंचल कार्यालय, कुकड़ू का औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर, विभिन्न विभागों के कार्यालय कक्षों, अभिलेखों एवं पंजियों के संधारण, कर्मियों की उपस्थिति, कार्यालय की साफ-सफाई, आमजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा जन शिकायतों एवं आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की. निरीक्षण के क्रम में अपर उपायुक्त ने कार्यालय में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा आमजनों से संबंधित प्राप्त आवेदनों एवं मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी. अपर उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी का अवलोकन करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यालय अवधि के दौरान निर्धारित समय पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया. साथ ही विभिन्न पंजियों, अभिलेखों एवं कार्यालयीय दस्तावेजों के समुचित रख-रखाव एवं अद्यतन संधारण सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
उन्होंने कार्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने, आगंतुकों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल दिया. इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए. अपर उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का स्थानीय भाषा सहित विभिन्न प्रभावी माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं की जानकारी अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्तियों तक पहुंच सके तथा अधिक से अधिक लाभुक योजनाओं से लाभान्वित हो सकें. उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं शत-प्रतिशत लाभुक आच्छादन सुनिश्चित करने हेतु नियमित अनुश्रवण एवं जनसंपर्क गतिविधियों को सुदृढ़ करने पर बल दिया. निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री अभिनव कुमार , नीमडीह, अंचल अधिकारी श्री अभय द्विवेदी,नीमडीह सहित विभिन्न प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
Also Read : ट्रेजरी स्कैम मामले में CID की पूछताछ खत्म, कमीशन और मिलीभगत की बात आई सामने
