Bokaro: चास नगर निगम ने शहर के व्यवस्थित विकास और भविष्य में होने वाली परेशानियों से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है. अब तक बिना स्वीकृत नक्शे के बने भवनों को वैध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी सिलसिले में शुक्रवार को नगर निगम सभागार में महापौर भोलू पासवान, उपमहापौर पूजा कुमारी, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार एवं सहायक नगर आयुक्त स्मिता किरण की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.

बिना स्वीकृत नक्शे वाले भवनों पर फोकस
बैठक में बताया गया कि निगम क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे भवन हैं, जिनका नक्शा स्वीकृत नहीं है. ऐसे भवन भविष्य में कानूनी और प्रशासनिक परेशानियों का कारण बन सकते हैं. इस अभियान को नागरिकों को राहत देने के साथ-साथ शहर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
25 जून तक मिलेगा अवसर
नगर विकास विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से भवन मालिकों को अपने भवनों को वैध कराने का सुनहरा अवसर दिया गया है. बैठक में अधिकारियों, टाउन प्लानरों, व्यवसायिक संगठनों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं तथा चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों को प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई.
महापौर ने की समय पर आवेदन करने की अपील
महापौर भोलू पासवान ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यह अवसर बार-बार नहीं मिलता. 25 जून को अंतिम तिथि निर्धारित की गई है, इसलिए सभी भवन मालिक समय रहते अपना नक्शा स्वीकृत करा लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कार्रवाई या परेशानी का सामना न करना पड़े.
ऑनलाइन होगी पूरी प्रक्रिया
अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार ने बताया कि पूरी प्रक्रिया झारखंड नगर पालिका अधिनियम, 2011 के तहत पारदर्शी तरीके से ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जाएगी. उन्होंने नागरिकों से नगर निगम की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी का लाभ उठाने और जल्द आवेदन करने का आग्रह किया.
योजनाबद्ध विकास की दिशा में पहल
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि नागरिकों के सहयोग से ही शहर को योजनाबद्ध, सुरक्षित और सुंदर बनाया जा सकता है. ऐसे में यह अभियान केवल भवनों को वैध कराने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिकता और बेहतर शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
