रांची: राजधानी के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित धुर्वा डैम में कल रात डूबे 21 वर्षीय युवक का शव मंगलवार दोपहर बरामद कर लिया गया है. मृतक की पहचान आदर्श नगर (धुर्वा) निवासी अमन कुशवाहा के रूप में हुई है. एनडीआरएफ की टीम और स्थानीय पुलिस के कड़े मशक्कत के बाद करीब 15 घंटे बाद शव को पानी से बाहर निकाला जा सका.
क्या है मामला:
जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार रात करीब 9:30 बजे की है, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक धुर्वा डैम के गहरे पानी में समा गया है. सूचना मिलते ही नगड़ी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. रात के अंधेरे और पानी के विस्तार के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा. मंगलवार सुबह एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया. गोताखोरों की कड़ी मेहनत के बाद दोपहर लगभग 12:30 बजे अमन का शव बरामद किया गया.
Read Also: मिडिल-ईस्ट तनाव के बीच पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर, ग्लोबल ऑयल मार्केट में बनी उथल-पुथल
मौके से मिली स्कूटी और चप्पल:
नगड़ी थाना प्रभारी ने बताया कि घटना स्थल के पास से मृतक की स्कूटी और उसकी चप्पलें बरामद हुई हैं. इन सामानों के आधार पर ही शुरुआती पहचान और छानबीन शुरू की गई थी.
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.
