Ranchi: प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत मिले फ्लैटों को किराये पर देने वालों के खिलाफ रांची नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. निगम ने धुर्वा स्थित लाइट हाउस प्रोजेक्ट में आवंटित फ्लैटों को कथित तौर पर किराये पर देने वाले 232 लाभुकों को नोटिस जारी किया है.
नियमों का उल्लंघन
नगर निगम की प्रारंभिक जांच में पता चला कि कई लाभुक खुद अपने फ्लैट में नहीं रह रहे हैं, बल्कि उन्हें किराये पर देकर योजना के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं. जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के नियमों के अनुसार आवंटित मकान को किराये पर देना पूरी तरह प्रतिबंधित है. निगम ने सभी नोटिस धारकों को 24 घंटे के भीतर यह प्रमाण देने का निर्देश दिया है कि वे स्वयं आवंटित फ्लैट में रह रहे हैं. इसके लिए उन्हें आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्य भी जमा करने होंगे. नगर निगम ने साफ चेतावनी दी है कि यदि तय समय के भीतर संतोषजनक जवाब या प्रमाण नहीं दिया गया, तो संबंधित फ्लैट का आवंटन रद्द करने की प्रक्रिया तुरंत शुरू कर दी जाएगी.
