लोहरदगा: रथ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज

Lohardaga: जिले के भंडरा में आयोजित होने वाली ऐतिहासिक रथ यात्रा-2026 के सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी...

लोहरदगा
रथ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट

Lohardaga:  जिले के भंडरा में आयोजित होने वाली ऐतिहासिक रथ यात्रा-2026 के सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मंगलवार को DC संदीप कुमार मीना और SP सादिक अनवर रिजवी की संयुक्त अध्यक्षता में भंडरा थाना परिसर में आयोजन समिति, शांति समिति और स्थानीय नागरिकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई.

16 और 25 जुलाई को होगा रथ यात्रा का आयोजन

बैठक में आयोजन समिति ने बताया कि इस वर्ष चलती रथ यात्रा 16 जुलाई और घुरती रथ यात्रा 25 जुलाई को आयोजित होगी. दोनों अवसरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं.

CCTV, स्वयंसेवक और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर

DC संदीप कुमार मीना ने कहा कि रथ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है. उन्होंने आयोजन समिति को पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही मेला परिसर और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी असामाजिक गतिविधि पर नजर रखी जा सके.

स्वच्छता, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं के निर्देश

प्रशासन ने मेला क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इसके अलावा किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एम्बुलेंस और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा गया.

यातायात व्यवस्था में रहेगा बदलाव

अंचल अधिकारी(CO) भंडरा ने जानकारी दी कि 16 और 25 जुलाई को मसमानो मोड़ से नवडीहा मोड़ तक मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग की जाएगी और इस मार्ग पर नो-एंट्री व्यवस्था लागू रहेगी. श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए जाएंगे. DC ने संबंधित अधिकारियों को इन व्यवस्थाओं का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए.

ALSO READ: PM आवास के फ्लैट किराये पर देना पड़ा भारी, रांची नगर निगम ने 232 लाभुकों को थमाया नोटिस

अफवाहों से बचने और सहयोग की अपील

SP ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने की अपील की. वहीं बैठक के अंत में DC और एसपी ने आयोजन समिति, शांति समिति और स्थानीय नागरिकों से आपसी सहयोग, समन्वय और भाईचारे के साथ रथ यात्रा को सफल बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के संयुक्त प्रयास से ही इस ऐतिहासिक आयोजन को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और यादगार बनाया जा सकता है.

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *