बोकारो थर्मल में एसटीपी कार्य की धीमी रफ्तार से जनता बेहाल, एक माह से सड़क अवरुद्ध, कीचड़ से बढ़ी परेशानी

Bermo: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल के उर्दू मजलिस से लेकर मिडिल स्कूल मोड़ तक के आम राहगीर और स्थानीय निवासी पिछले...

Bermo: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल के उर्दू मजलिस से लेकर मिडिल स्कूल मोड़ तक के आम राहगीर और स्थानीय निवासी पिछले एक महीने से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं. एसटीपी कार्य के तहत पाइप बिछाने के लिए की गई सड़क की खुदाई से मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है, जिससे स्थानीय डीवीसी कॉलोनी सहित राजा बाजार एरिया की निजी कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

सड़क खुदाई के बाद बढ़ी लोगों की मुश्किलें

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कार्य की रफ्तार कछुआ गति से भी धीमी है. सबसे बड़ी विडंबना यह है कि डीवीसी सिविल विभाग के अधिकारी और संबंधित कंपनी के जिम्मेदार इंजीनियर कभी साइट पर सुध लेने नहीं आते. पूरे काम को पूरी तरह से मजदूरों के भरोसे छोड़ दिया गया है, जिससे कार्य की गुणवत्ता और गति दोनों प्रभावित हो रही है.

कॉलोनी एवं आसपास के लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि उक्त क्षेत्र में आवाजाही के लिए यह एकमात्र मुख्य सड़क थी, जिसे भी खोदकर लावारिस छोड़ दिया गया है. स्थिति तब और बदतर हो गई जब खुदाई के दौरान नीचे से निकले पानी और हालिया बारिश के पानी ने मिलकर पूरी सड़क को दलदल एवं कीचड़ में तब्दील कर दिया. चारों ओर फैले कीचड़ के कारण स्थिति यह है कि लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है.

ALSO READ: झारखंड का राज्यसभा संग्राम: लोकल-वोकल की जंग के बीच पेचीदा वोटिंग का वो गणित जिसने दिल्ली तक बढ़ाई धड़कनें

एक सप्ताह में कार्य पूरा करने का दावा

सड़क बंद होने के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है. इस अव्यवस्था का सबसे बुरा असर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर पड़ रहा है. बीमार बुजुर्गों और छोटे बच्चों को इस कीचड़ भरे रास्ते से ले जाना किसी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण देने जैसा है.

इस संबंध में कार्य कर रही निर्माण कंपनी भरत जी पटेल के साइट इंचार्ज का कहना है कि खुदाई के दौरान नीचे कड़े पत्थर निकल आने के कारण काम में तकनीकी कठिनाई आ रही है, जिसके चलते उम्मीद से अधिक समय लग रहा है. उन्होंने दावा किया कि आवश्यक पाइप साइट पर पहुंच चुके हैं और आगामी एक सप्ताह के भीतर कार्य को पूरा कर मार्ग को आम जनता की आवाजाही के लिए पूरी तरह दुरुस्त कर दिया जाएगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *