Ranchi: देशभर में कल मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे. ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉर्पोरेट कंपनियों की आक्रामक डिस्काउंट नीति के विरोध में देश के 12.40 लाख से अधिक केमिस्ट और ड्रगिस्ट एकदिवसीय राष्ट्रव्यापी बंद पर रहेंगे. इस बंद का असर झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई शहरों और कस्बों में दिखाई देने की संभावना है. ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर बुलाए गए इस बंद को लेकर दवा कारोबारियों ने साफ कहा है कि अगर अभी नहीं चेते, तो आने वाले समय में मोहल्ले की मेडिकल दुकानें खत्म हो जाएंगी.

ई-फार्मेसी कंपनियां नियमों को कर रही दरकिनार
ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स और झारखंड केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन का आरोप है कि ई-फार्मेसी कंपनियां नियमों को दरकिनार कर बिना पर्याप्त सत्यापन के दवाइयों की बिक्री कर रही हैं. संगठन के मुताबिक कई मामलों में एक ही डॉक्टर के पर्चे का बार-बार इस्तेमाल कर दवाएं बेची जा रही हैं, जो मरीजों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है. दवा कारोबारियों का कहना है कि बड़ी ऑनलाइन कंपनियां भारी छूट देकर बाजार पर कब्जा करने की कोशिश कर रही हैं. इससे छोटे दुकानदारों की कमर टूट रही है, खासकर ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में जहां पारंपरिक मेडिकल स्टोर ही लोगों का भरोसा हैं.
यह भी पढ़ें: चाईबासा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हरियाणा से दो युवतियों को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा
ई-फार्मेसी के लिए कड़े नियम लागू करने की मांग
एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से कोविड काल में जारी जीएसआर 220 (ई) अधिसूचना वापस लेने और ई-फार्मेसी के लिए कड़े नियम लागू करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो छोटे दवा व्यवसायियों का अस्तित्व संकट में पड़ जाएगा.
