Chaibasa: बंदगांव प्रखंड के करीका गांव स्थित खेत के बीच लगा टेबो फीडर का बिजली पोल जर्जर होकर गिरने की स्थिति में पहुंच गया है. इसे लेकर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष जदुराय मुंडरी ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में यह पोल कभी भी गिर सकता है, जिससे जान-माल का नुकसान होने की आशंका है. उन्होंने बताया कि इस पोल के गिरने पर टेबो पंचायत सहित करीब 30 गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो सकती है और पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाएगा. वर्तमान में ग्रामीण लकड़ी का सहारा देकर पोल को गिरने से बचाने का प्रयास कर रहे हैं. जदुराय मुंडरी ने बिजली विभाग के एसडीओ से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए अविलंब क्षतिग्रस्त पोल की मरम्मत अथवा प्रतिस्थापन कराया जाए, ताकि संभावित दुर्घटना और बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या से बचा जा सके.
यह भी पढ़ें: नीट मुद्दे पर सियासत नहीं होनी चाहिए, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद हो- गणेश मिश्रा



