Giridih: गिरिडीह जिले में राज्य सरकार के विशेष ड्राइविंग लाइसेंस अभियान के तहत सोमवार को डुमरी प्रखंड में आयोजित विशेष शिविर में 87 नवसिखुआ चालकों को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस प्रदान किया गया. शिविर में कुल 96 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से दस्तावेज सत्यापन और ऑनलाइन परीक्षा के बाद 87 सफल घोषित हुए, जबकि 9 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल नहीं हो सके. असफल अभ्यर्थियों को नियमानुसार दोबारा परीक्षा देने का अवसर मिलेगा.
नए चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने की अपील
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश तथा उपायुक्त रामनिवास यादव के मार्गदर्शन में जिले के सभी प्रखंडों में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों तक ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा आसानी से पहुंच सके. जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने सफल अभ्यर्थियों को लर्निंग लाइसेंस सौंपते हुए कहा, कि वैध ड्राइविंग लाइसेंस केवल कानूनी आवश्यकता ही नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का भी प्रतीक है. उन्होंने सभी नए चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन संचालन की आदत अपनाने की अपील की.
लोगों को बिना भागदौड़ के ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराना अभियान का उद्देश्य
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को बिना अनावश्यक भागदौड़ के प्रखंड स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना और अधिक से अधिक वाहन चालकों को वैध लाइसेंस से जोड़ना है. इससे सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा और जिले में नियमसम्मत यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी. जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है, कि वे निर्धारित तिथियों पर आयोजित विशेष शिविरों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के सामूहिक प्रयास में अपनी भागीदारी निभाएं.
