Giridih: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में विभिन्न विभागों की व्यापक समीक्षा बैठक की. बैठक में राजस्व संग्रह में तेजी लाने, लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन तथा SIR-2026 के तहत गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन को अगले 24 घंटे के भीतर शत-प्रतिशत पूरा करने का सख्त निर्देश दिया गया.
सभी विभागों को लक्ष्य आधारित कार्यशैली अपनाने का निर्देश
बैठक में आयुक्त ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026), जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT), प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (PMKKKY), राजस्व, खनन, परिवहन, उत्पाद, नगर निगम, निबंधन, विधि शाखा, भू-अर्जन तथा राजस्व न्यायालयों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने सभी विभागों को लक्ष्य आधारित कार्यशैली अपनाने और नियमित अनुश्रवण के साथ परिणाम देने का निर्देश दिया. SIR-2026 की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने सभी ERO और AERO को निर्देश दिया, कि शेष डिजिटाइजेशन कार्य 24 घंटे के भीतर पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि जिन BLO ने अपने क्षेत्र में गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण किया है, उन्हें सम्मानित कर अन्य कर्मियों को भी प्रोत्साहित किया जाए.
लक्ष्य के अनुरूप राजस्व बढ़ाने का निर्देश
राजस्व संग्रह की समीक्षा में वाणिज्य कर, परिवहन, उत्पाद, खनन, निबंधन और नगर निगम सहित सभी राजस्व अर्जित करने वाले विभागों को लक्ष्य के अनुरूप राजस्व बढ़ाने का निर्देश दिया गया. परिवहन विभाग की समीक्षा में वाहन पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस, कर संग्रह और प्रवर्तन कार्यों की जानकारी ली गई. आयुक्त ने अवैध खनन में प्रयुक्त हाइवा वाहनों की नियमित जांच तथा स्कूल बसों की विशेष जांच कर फिटनेस, सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उत्पाद विभाग को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाने तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. वहीं मोटरयान निरीक्षक कार्यालय की प्रवर्तन गतिविधियों और राजस्व संग्रह की भी समीक्षा की गई.
अवैध बालू उठाव के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाने पर जोर
खनन विभाग की समीक्षा में अवैध खनन, अवैध उत्खनन और अवैध बालू उठाव के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाने पर जोर दिया गया. आयुक्त ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशों के अनुरूप बालू उठाव पर लागू प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा.
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान अवैध जमाबंदी, दाखिल-खारिज, लगान रसीद और राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया. निबंधन विभाग को प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाकर राजस्व बढ़ाने पर बल दिया गया.
होल्डिंग टैक्स संग्रह, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं की स्थिति पर चर्चा
नगर निगम की समीक्षा में होल्डिंग टैक्स संग्रह, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं की स्थिति पर चर्चा हुई. आयुक्त ने बड़ा चौक, टावर चौक, गांधी चौक समेत प्रमुख स्थानों पर नियमित सफाई तथा खराब हाईमास्ट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराने का निर्देश दिया. विधि शाखा की समीक्षा में PG Portal, CPGRAMS, LPA, NGDRS और अन्य न्यायालयों में लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष बल दिया गया. साथ ही भू-अर्जन, भू-हस्तांतरण और राजस्व न्यायालयों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए गए.
बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली की भी की गई समीक्षा
बैठक में बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली की भी समीक्षा हुई. आयुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मियों को समय पर कार्यालय आने तथा जिला मुख्यालय में पदस्थापित अधिकारियों को मुख्यालय में रहकर ही दायित्व निभाने का निर्देश दिया. आय, आवासीय और जाति प्रमाण-पत्रों के निर्गमन में भी तेजी लाने को कहा गया. बैठक के बाद उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी विभागों को आयुक्त के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने SIR-2026 डिजिटाइजेशन, राजस्व संग्रह, लंबित मामलों के निष्पादन, PG Portal एवं CPGRAMS शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा अवैध खनन और अवैध शराब के खिलाफ नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए.
प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्रवाई जारी रखने पर बल
बैठक के दौरान आयुक्त ने पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार से जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रवर्तन कार्यों की जानकारी ली तथा प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्रवाई जारी रखने पर बल दिया. बैठक में उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: झारखंड मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना: साहेबगंज के लिए 3 नए ग्रामीण मार्ग अधिसूचित
