लोहरदगा में आरटीआई जागरूकता की अलख, निःशुल्क कार्यशाला में लोगों ने सीखे अपने अधिकार

Lohardaga: सूचना के अधिकार को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को शहर के राणा चौक स्थित अग्रसेन भवन में निःशुल्क...

Lohardaga: सूचना के अधिकार को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को शहर के राणा चौक स्थित अग्रसेन भवन में निःशुल्क आरटीआई कार्यशाला का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम हमर अधिकार मंच के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर आरटीआई कानून की बारीकियों को समझा.

कार्यशाला में विख्यात आरटीआई एक्टिविस्ट एवं रिसोर्स पर्सन दीपेश निराला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. कार्यक्रम “पहले आओ – पहले पाओ” के आधार पर आयोजित किया गया, जिसमें पहले 100 पंजीकृत प्रतिभागियों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया गया.

आरटीआई को बताया लोकतंत्र का सशक्त उपकरण

दीपेश निराला ने प्रतिभागियों को सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के विभिन्न प्रावधानों, आवेदन प्रक्रिया, अपील व्यवस्था तथा इसके प्रभावी उपयोग के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि आरटीआई एक सशक्त लोकतांत्रिक उपकरण है, जिसके माध्यम से आम नागरिक सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित कर सकते हैं.

उन्होंने कहा कि यदि नागरिक जागरूक होकर आरटीआई का सही तरीके से उपयोग करें, तो भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सकता है और सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा सकता है. कई व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने समझाया कि किस प्रकार एक साधारण आवेदन भी बड़े बदलाव का कारण बन सकता है.

ALSO READ: बहू से छेड़खानी और मारपीट करने वाला आरोपी ससुर गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

प्रतिभागियों ने सीखा आरटीआई आवेदन लिखने का तरीका

कार्यक्रम के संयोजक शकील अख्तर और प्रदीप राणा ने बताया कि मंच का उद्देश्य लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सशक्त बनाना है, ताकि वे शासन-प्रशासन में सक्रिय भागीदारी निभा सकें. इस कार्यशाला में रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधिगण भी शामिल हुए. प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान आरटीआई आवेदन लिखने का व्यावहारिक अभ्यास भी किया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान विशेषज्ञों से प्राप्त किया.

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए, जिससे आम जनता को अपने अधिकारों की जानकारी मिल सके. आयोजकों ने भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *