-
10 लाख तक के टेंडर ऑफलाइन करने और स्थानीय ठेकेदारों को प्राथमिकता देने की मांग, डिप्टी मेयर को सौंपा ज्ञापन
Saraikela: आदित्यपुर नगर निगम के अधिकृत संवेदकों ने शनिवार को टेंडर प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर नगर निगम कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने डिप्टी मेयर को ज्ञापन सौंपते हुए 10 लाख रुपये तक की योजनाओं के टेंडर ऑफलाइन कराने तथा स्थानीय ठेकेदारों को प्राथमिकता देने की मांग की संवेदकों ने आरोप लगाया कि वर्तमान ऑनलाइन टेंडर व्यवस्था में स्थानीय ठेकेदारों को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहा है. बाहरी बड़ी कंपनियां छोटी योजनाओं के टेंडर भी ले लेती हैं, जिससे स्थानीय संवेदक बेरोजगार हो रहे हैं. संवेदक संघ के अध्यक्ष ने कहा कि 10 लाख तक के कार्य स्थानीय स्तर पर ही होने चाहिए.
यह भी पढ़ें: कोडरमा : जेजे कॉलेज को जेसी बोस यूनिवर्सिटी में स्थानांतरण के खिलाफ छात्रों ने किया सड़क जाम, घंटों परेशान रहे लोग

स्थानीय ठेकेदारों को दें प्राथमिकता, अधिकारियों पर सवाल
प्रदर्शनकारियों ने कुछ अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी है. संवेदकों ने अग्रधन राशि की वापसी में कथित कमीशनखोरी पर रोक लगाने की मांग भी उठाई. उनका कहना है कि काम पूरा होने के बाद भी सिक्योरिटी मनी वापस लेने में महीनों लग जाते हैं और बिना चढ़ावे के फाइल आगे नहीं बढ़ती.
आंदोलन की चेतावनी
संवेदकों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. वे काम बंद कर अनिश्चितकालीन धरना देंगे.
यह भी पढ़ें: तीनों सेनाएं किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार, ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी: जनरल उपेंद्र द्विवेदी
मामले में नगर निगम ने क्या कहा?
वहीं नगर निगम प्रशासन ने कमीशनखोरी के आरोपों को खारिज कर दिया है. अधिकारियों ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और नियमानुसार हो रही है. डिप्टी मेयर ने आश्वासन दिया कि संवेदकों की मांगों से विभाग को अवगत करा दिया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई होगी.
