Ranchi: रिम्स में कार्यरत कर्मचारियों के बीच वेतन भुगतान को लेकर असंतोष गहराता जा रहा है. पिछले कई महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण शुक्रवार को बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने वित्त निदेशक कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया और जल्द भुगतान की मांग की. प्रदर्शन में शामिल डॉक्टरों, नर्सों, तकनीकी कर्मियों और अन्य कर्मचारियों ने कहा कि नियमित रूप से सेवाएं देने के बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है. इससे उनके परिवार की आर्थिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है. कई कर्मचारियों ने बताया कि घरेलू खर्च, बच्चों की फीस और अन्य जरूरी भुगतान करना मुश्किल हो गया है.
करीब 1500 कर्मी वेतन भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे
कर्मचारियों के मुताबिक रिम्स के करीब 1500 कर्मी वेतन भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे है. समय से समस्या का समाधान नहीं होने के कारण उनमें नाराजगी बढ़ रही है। कर्मचारियों ने कहा कि वे कई बार अपनी मांग प्रबंधन के समक्ष रख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक परिणाम नहीं निकला है.

प्रदर्शनकारियों ने दी चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बकाया वेतन जारी नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे. उनका कहना है कि कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी से अस्पताल का कार्य वातावरण भी प्रभावित हो सकता है.
ALSO READ: बीएलए-2 सदस्यों के प्रशिक्षण एवं बूथ कमेटी गठन को लेकर झामुमो की बैठक 31 को
