Saraikela: सरायकेला खरसावां जिले के समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने साप्ताहिक जनता दरबार में आमलोगों की समस्या सुनी. जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए आमजनों की समस्याओं को सुना और इसके जल्द निपटारे के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए. जनता दरबार में भूमि विवाद, आदित्यपुर–गम्हरिया क्षेत्र अंतर्गत एस-टाइप मैदान के सौंदर्यीकरण एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ में अवरोध, तमोलिया–कपाली मुख्य मार्ग स्थित गोविंद विद्यालय के समीप खराब नल के अधूरे निर्माण से उत्पन्न समस्या, ग्राम टुईबासा जाहेरगढ़ स्थित जाहेरस्थान का लंबित सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण कराने, भूमि म्यूटेशन से संबंधित मामले, राशन, पेंशन, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से प्राप्त हुईं.
यह भी पढ़ें : फूड प्वाइजनिंग के बाद विधायक कल्पना सोरेन पहुंचीं गिरिडीह सदर अस्पताल, मरीजों का जाना हाल
लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी : उपायुक्त
उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्राप्त आवेदनों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें. जिन मामलों का निष्पादन तत्काल संभव है, उन्हें अविलंब पूर्ण किया जाए तथा शेष मामलों में निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. डीसी ने चेतावनी देते हुए कहा कि समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आमजनों से अपील की गई कि वे अपनी समस्याओं को निर्भीक होकर प्रशासन के समक्ष रखें. प्रत्येक मंगलवार को जिला समाहरणालय में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जिसमें आमजन सीधे अपनी शिकायतें उपायुक्त के सामने रखते हैं.

यह भी पढ़ें : निजी स्कूलों की फीस पर नियंत्रण, अधिकतम 10% वृद्धि की सीमा तय
