Saraikela: जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र के चौड़ा गांव निवासी मो. साहरूख हुसैन साइबर ठगी का शिकार हो गए. साइबर अपराधियों ने खुद को कुकड़ू प्रखंड का बीडीओ बताकर फोन किया और सुखाड़ राहत योजना की राशि दिलाने का झांसा देकर उनके बैंक खाते से 59 हजार रुपये निकाल लिए.
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 17 जुलाई को उनके पास एक फोन आया. कॉल करने वाले ने खुद को बीडीओ बताया और कहा कि उनका बैंक खाता डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) से लिंक नहीं होने के कारण सुखाड़ राहत योजना की राशि नहीं मिल रही है. इसके बाद आरोपी ने डीबीटी लिंक कराने के नाम पर एक फर्जी लिंक भेजा. जैसे ही पीड़ित ने उस लिंक पर क्लिक किया, फोनपे के जरिए अनिकेत कुमार नाम के खाते में तीन बार में पैसे ट्रांसफर हो गए.
- पहली बार 19 हजार रुपये.
- दूसरी बार 20 हजार रुपये.
- तीसरी बार 20 हजार रुपये.
- इस तरह कुल 59 हजार रुपये की ठगी हो गई.
पुलिस जांच में जुटी
घटना का पता चलते ही पीड़ित ने तिरुलडीह थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और राशि वापस दिलाने की मांग की. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें. कोई भी सरकारी अधिकारी या बैंक कर्मचारी फोन पर ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी नहीं मांगता.
यदि इस तरह का कोई कॉल आए तो पहले संबंधित विभाग से जानकारी की पुष्टि करें. अगर आप साइबर ठगी का शिकार हो जाएं, तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करें और नजदीकी थाना या साइबर थाना में इसकी सूचना दें.
