Saraikela: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में टाटा-रांची NH-33 पर एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. चिलगु के पास हुए इस हादसे में चिलगु निवासी जितेन दास की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि हादसा इतना भीषण था कि उन्हें बचाया नहीं जा सका. स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रैक की चपेट में आने से यह दुर्घटना हुई, जिसमें उनकी मौके पर ही जान चली गई.
वनवे हाईवे पर लगातार हादसों से लोगों में आक्रोश
NH-33 को वनवे किए जाने के बाद लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि इस हाईवे पर आए दिन जानलेवा दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं. लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर और कितनी जानें जाएंगी तब जाकर प्रशासन इस पर गंभीर कदम उठाएगा. स्थानीय लोगों ने हाईवे पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेत और अन्य सुरक्षा उपाय लगाने की मांग की है.
हादसे के बाद घंटों लगा जाम, लोगों ने किया विरोध
हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके कारण टाटा-रांची मुख्य मार्ग पर घंटों जाम लग गया. इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा. बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रशासन से लगातार हो रहे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने और NH-33 पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की जा रही है.


