चक्रधरपुर में सनसनी: रेलवे सफाई के दौरान मिला महिला का कटा सिर, प्लास्टिक में बंद मिले शव के अवशेष

Chakradharpur: चक्रधरपुर में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब रेलवे द्वारा कराई जा रही सफाई के दौरान मलबे के बीच...

Chakradharpur: चक्रधरपुर में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब रेलवे द्वारा कराई जा रही सफाई के दौरान मलबे के बीच एक महिला का कटा हुआ सिर बरामद हुआ. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. बाद में तलाशी के दौरान प्लास्टिक में बंद शव के अन्य अवशेष भी मिलने से मामला और रहस्यमय हो गया. पुलिस हत्या की आशंका को लेकर जांच में जुट गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित पुराने माल गोदाम क्षेत्र को हटाकर वहां नए प्लेटफॉर्म के निर्माण की तैयारी की जा रही है. इसी क्रम में रेलवे द्वारा माल गोदाम परिसर की सफाई कर वर्षों से जमा मलबा और कचरा हटाया जा रहा है. सफाई के दौरान निकाले गए मलबे को रेलवे कर्मियों द्वारा शहर के बाहरी हिस्से में स्थित गड्ढेनुमा क्षेत्र में डंप किया जा रहा था.

मलबा फेंकने के दौरान हुआ खुलासा

बुधवार को जब बर्टन लेक के पास मलबा फेंका जा रहा था, तभी उसमें एक महिला का कटा हुआ सिर दिखाई दिया. यह दृश्य देखते ही वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए. तत्काल इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों और पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कटा हुआ सिर प्लास्टिक में लिपटा हुआ था. सिर के बाल और चेहरे के कुछ हिस्से सुरक्षित होने के कारण यह अनुमान लगाया जा रहा है कि शव को बहुत अधिक समय पहले नहीं दफनाया गया होगा. बाद में पुलिस और रेलवे कर्मियों द्वारा आसपास के मलबे की गहन जांच की गई, जिसमें प्लास्टिक में बंद शव के अन्य अवशेष भी बरामद हुए.

हत्या कर शव छिपाने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव के टुकड़े किए गए और पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसे माल गोदाम क्षेत्र में दफना दिया गया. यह भी माना जा रहा है कि अपराधियों ने सुनसान इलाके का फायदा उठाकर शव को वहां ठिकाने लगाया होगा. वर्षों बाद सफाई अभियान के दौरान यह मामला सामने आया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे का माल गोदाम क्षेत्र लंबे समय से अपेक्षाकृत सुनसान रहा है. अंधेरा होने के बाद यहां लोगों की आवाजाही भी काफी कम रहती है. ऐसे में अपराधियों द्वारा इस स्थान का इस्तेमाल शव छिपाने के लिए किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.

ALSO READ: वाहन चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

पुलिस और फॉरेंसिक जांच शुरू

घटना की सूचना पर चक्रधरपुर रेल थाना, जीआरपी तथा आरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने बरामद सिर और अन्य अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम एवं फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है. शव की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक जांच का सहारा लिया जाएगा. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत कब हुई और उसके पीछे क्या कारण थे.

इस सनसनीखेज बरामदगी के बाद पूरे चक्रधरपुर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. स्थानीय लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं और पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने की मांग कर रहे हैं. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस हर संभावित सुराग को खंगालने में जुटी हुई है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *