SARAIKELA: राजनगर प्रखंड सभागार में ब्लॉक स्तरीय बैंकर्स समिति (BLBC) की बैठक अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) श्री वरुण कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी, राजनगर श्री मलय कुमार भी उपस्थित रहे.
विभिन्न बैंकों और विभागों के अधिकारियों ने लिया भाग
उक्त बैठक में विभिन्न राष्ट्रीयकृत एवं क्षेत्रीय बैंकों के शाखा प्रबंधकों, संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं अन्य हितधारकों ने भाग लिया. बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरण की प्रगति की समीक्षा करना, वित्तीय समावेशन को सुदृढ़ बनाना तथा लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था.
योजनाओं की प्रगति और चुनौतियों पर चर्चा
बैठक में प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), स्वरोजगार योजनाओं तथा अन्य प्राथमिकता क्षेत्र ऋण (Priority Sector Lending) के अंतर्गत उपलब्धियों एवं चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की गई. साथ ही बैंकवार प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु आवश्यक रणनीति तय की गई.
लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन के निर्देश
श्री चौधरी द्वारा सभी बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि वे लंबित ऋण आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें तथा लाभुकों को योजनाओं का अधिकाधिक लाभ प्रदान करने हेतु सक्रिय भूमिका निभाएं. साथ ही ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया.
कौशल प्राप्त युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर
इसके अतिरिक्त, विभिन्न क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके अभ्यर्थियों को उनके इच्छानुसार रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने हेतु बैंक ऋण एवं अन्य योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए.
