Seraikela: जिला उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री एवं सेवन के विरुद्ध सतत अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में उत्पाद अधीक्षक, सरायकेला-खरसावां के नेतृत्व में शुक्रवार देर शाम सिनी क्षेत्र के समीप अवस्थित शीतल छाया, मां संध्या सहित आसपास के 5 से 6 ढाबा एवं फैमिली रेस्टोरेंट में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया.

संचालकों को दी गई सख्त हिदायत
अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम द्वारा प्रतिष्ठानों में आवश्यक जांच करते हुए संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया, कि सार्वजनिक स्थलों एवं फैमिली रेस्टोरेंट में किसी भी प्रकार से शराब का सेवन नहीं होने दें तथा अवैध शराब के भंडारण, बिक्री एवं परिचालन पर पूर्ण रूप से रोक सुनिश्चित करें. निरीक्षण के क्रम में संबंधित संचालकों को उत्पाद अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराते हुए कहा गया, कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों एवं व्यक्तियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
उत्पाद विभाग द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूर्ण अंकुश लगाने हेतु नियमित रूप से औचक निरीक्षण अभियान जारी रहेगा. विभाग की टीम द्वारा NH-33, कांडरा-चांडिल मार्ग, आदित्यपुर, गम्हरिया एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित ढाबों, होटल-रेस्टोरेंट, लाइन होटल एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.
जुर्माने के साथ लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि यदि किसी भी प्रतिष्ठान में अवैध रूप से शराब परोसी जाती या बेची जाती पाई गई, तो उत्पाद अधिनियम 1915 की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर संचालक को गिरफ्तार किया जाएगा. साथ ही ₹50,000 तक जुर्माना एवं लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी. फैमिली रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध बार संचालन बर्दाश्त नहीं होगा.
आम नागरिकों से अपील
उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है, कि अवैध शराब की बिक्री, भंडारण या सेवन की सूचना तुरंत जिला उत्पाद नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 1800-345-6562 या 0657-2440123 पर दें. सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा.
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में ओवरलोड वाहनों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 8 वाहन जब्त
