Giridih: थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 19 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां बरामद की हैं. बरामद चांदी की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार कर एक बलेनो कार भी जब्त कर ली है.

गुप्त सूचना के बाद हुई घेराबंदी
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बलेनो कार के जरिए भारी मात्रा में चांदी की खेप गिरिडीह लाई जा रही है. सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहन की घेराबंदी कर तलाशी ली. तलाशी के दौरान कार से लगभग 19 किलो चांदी की सिल्लियां बरामद हुईं.
Also Read: SSC CGL 2026: IB में ASO बनने का सुनहरा मौका, जानें आवेदन प्रक्रिया और शानदार सैलरी डिटेल्स
पूछताछ में सामने आई कई बातें
बरामदगी के बाद कार में सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चांदी की खेप गिरिडीह के एक जेवर कारोबारी को सप्लाई करने आए थे. पुलिस के अनुसार एक आरोपी ने खुद को महाराष्ट्र का निवासी बताया, जबकि दूसरे ने अपना पता हजारीबाग बताया. हालांकि पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने ठिकानों को लेकर विरोधाभासी जानकारी दी, जिससे पुलिस को पूरे मामले पर संदेह हुआ है.
दस्तावेजों और नेटवर्क की जांच जारी
थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों ने चांदी के वैध दस्तावेज होने का दावा किया है. फिलहाल पुलिस दस्तावेजों की सत्यता की जांच कर रही है. इसके साथ ही सप्लाई चेन, संभावित खरीदारों और किसी संगठित नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
