Simdega : थाना क्षेत्र के बाघचट्टा गांव में एक 63 वर्षीय ग्रामीण ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान प्रबल एक्का (63) पिता फिलोर एक्का के रूप में हुई है. घटना गुरुवार सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में खेत में धान रोपनी का कार्य चल रहा था. इसी दौरान प्रबल एक्का सुबह से ही शराब का सेवन कर रहे थे. शराब के नशे में वह खेत पहुंचे, जहां परिजनों ने उन्हें अधिक शराब नहीं पीने की सलाह दी और मना किया.
नाराज युवक ने लगाई फांसी, गांव में शोक का माहौल
इसके बाद वह नाराज होकर घर लौट आए. बताया जाता है कि घर पहुंचने के बाद प्रबल एक्का ने अपने सोने के कमरे में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. कुछ देर बाद जब परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो उन्हें प्रबल एक्का का शव फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना कुरडेग थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सिमडेगा भेज दिया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने बताया कि मृतक शराब के नशे में था और उसी दौरान यह दुखद कदम उठाया. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी.

Also Read : हजारीबाग में हाथियों के आतंक पर वन विभाग का बड़ा ऑपरेशन, मानव-हाथी संघर्ष पर स्थायी समाधान की तैयारी
