Simdega : जलडेगा थाना क्षेत्र के बांसजोर ओपी क्षेत्र के सुरिन टोली के पास गोवंशीय पशु का वध किए जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धर्मदेव पासवान ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग मिलकर गोवंशीय पशु का वध कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस निरीक्षक जलडेगा और ओपी प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने 8 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7:50 बजे सुरिन टोली स्थित दाउद कड़ुदना के घर के पीछे छापेमारी की.
पुलिस ने लोगों से अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
पुलिस को देखते ही कुछ लोग भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों में दाउद कंडुलना निवासी सिराजघोर, सुरिन टोली और संदीप टेटे (35 वर्ष), निवासी भुकुमुंडा, थाना बांसजोर शामिल हैं. छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध मांस के टुकड़े, गोवंशीय पशु की काली रंग की खाल करीब 10 किलो, लकड़ी का गुटखा, लोहे के तीन पीस, लकड़ी काटने का बेत, धारदार चाकू, तराजू, लोहे का बटखरा, प्लास्टिक के झोले समेत अन्य सामान बरामद किया. इस मामले में जलडेगा थाना कांड संख्या 49/2026 दर्ज कर झारखंड गोवंशीय पशु वध प्रतिषेध अधिनियम 2005 और BNS की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने लोगों से अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है.
