Simdega : सिमडेगा पुलिस ने चोरी की बड़ी घटना का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, घटना में प्रयुक्त बाइक, चोरी के औजार और बैंक में जमा तीन लाख रुपये को भी फ्रीज कराया है. SP श्रीकांत एस. खोटरे ने रविवार को दोपहर में प्रेस वार्ता में बताया कि सदर थाना क्षेत्र के हरिजन टोली स्थित एक घर में हुई चोरी के मामले में सदर थाना कांड संख्या 92/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.
चोरी के गहनों संग दो आरोपी गिरफ्तार
अनुसंधान के दौरान तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी चोरी का सामान लेकर छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में छिपे हुए हैं. सूचना के आधार पर DSP मुख्यालय रणवीर सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. टीम ने जशपुर में छापेमारी कर गिरोह के सदस्य अनिकेत टोप्पो को गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही और स्वीकारोक्ति के आधार पर दूसरे आरोपी सैफ अली को गुमला के गांधी नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 150 ग्राम सोने के आभूषण और एक किलोग्राम से अधिक चांदी के आभूषण बरामद किए.
लाखों के जेवर और तीन रुपये लाख जब्त
साथ ही चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक और अन्य औजार भी जब्त किए गए. पुलिस ने बताया कि चोरी के कुछ जेवर बेचकर बैंक में जमा किए गए तीन लाख रुपये भी फ्रीज करा दिए गए हैं. SP ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध सिमडेगा जिले में पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं. इसके अलावा छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में भी इनके खिलाफ छह मामले दर्ज हैं और दोनों पूर्व में जेल भी जा चुके हैं. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. SP ने कहा कि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और संगठित अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
Also Read : अवैध कोयला खनन पर CISF का शिकंजा: 7 दिन में 1,277 टन कोयला जब्त, 5 गिरफ्तार
