Giridih: सड़क सुरक्षा एवं मोटर वाहन अधिनियम के अनुपालन को लेकर जिला प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है. उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस अभियान में जिला परिवहन विभाग, मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) और संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन जांच करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की.
16 टोटो वाहनों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस के संचालित 16 टोटो वाहनों को पकड़ा गया. सभी वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि बिना लाइसेंस वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक चालक का प्रशिक्षित एवं लाइसेंसधारी होना सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए जरूरी है.

2 पिकअप वैन और 3 ट्रैक्टर जब्त
सघन जांच अभियान के क्रम में मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 2 पिकअप वैन और 3 ट्रैक्टर को जब्त किया गया. वहीं पचंबा थाना क्षेत्र में 4 पिकअप वैन और 1 एम्बुलेंस को विभिन्न अनियमितताओं के कारण सीज किया गया. जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई. जिन वाहनों में कागजात की कमी या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई.
विशेष अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी और मोटर वाहन निरीक्षक स्वयं मौके पर मौजूद रहे और अभियान की निगरानी करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे. प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें: सीआईडी के साइबर सेल में होगी चीफ टेक्निकल ऑफिसर की बहाली, एआई और फोरेंसिक टूल्स से लैस होगी जांच
