रांची. झारखंड के उभरते पहलवानों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है. U-20 जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता 2026 में भाग लेने के लिए झारखंड राज्य स्तरीय U-20 जूनियर पुरुष फ्रीस्टाइल, ग्रीको रोमन और महिला कुश्ती प्रतियोगिता सह चयन ट्रायल का आयोजन 19 मार्च 2026 को किया जाएगा. यह चयन ट्रायल सुबह 8:00 बजे से कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र, बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी में आयोजित होगा. प्रतियोगिता में राज्यभर के युवा पहलवान हिस्सा लेंगे और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होने का प्रयास करेंगे.
Also Read : सिमडेगा : लाखों रुपए की ठगी करने वाले शातिर ठग को पुलिस ने दबोचा
इस प्रतियोगिता में 2006, 2007 और 2008 में जन्मे 20 वर्ष तक के पहलवान भाग ले सकते हैं. इसके अलावा 2009 में जन्मे 17 वर्ष के खिलाड़ी भी मेडिकल सर्टिफिकेट या पैरेंटल सर्टिफिकेट के साथ हिस्सा ले सकेंगे. प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को पंचायत या नगर परिषद द्वारा निर्गत जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की मूल और छायाप्रति तथा पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा. चयन ट्रायल के आधार पर चयनित खिलाड़ियों के लिए 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा. इसके बाद अंतिम रूप से झारखंड टीम का गठन किया जाएगा, जो छत्तीसगढ़ के दुर्ग में आयोजित होने वाली U-20 जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता 2026 में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी. प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए राजीव रंजन (भीम) से मोबाइल नंबर 7352062572 पर संपर्क किया जा सकता है.
