Ranchi: आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष विवेक तिर्की के नेतृत्व में छात्रों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में खेल सुविधाओं, खेल मैदान की बदहाल स्थिति, अनियमितताओं और खेल शिक्षक के खिलाफ कुलपति को लिखित शिकायत सौंपी. छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए जल्द समाधान की मांग की.
खेल सुविधाओं की बदहाली और संसाधनों की कमी का आरोप
छात्रों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में खेल सुविधाओं और मैदान की स्थिति अत्यंत खराब है. खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन, उपकरण और समुचित रख-रखाव उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं. इसके अलावा उपस्थिति और पुनः परीक्षा से जुड़ी समस्याओं को भी प्रशासन के समक्ष रखा गया.
ALSO READ: पूर्व विधायक पौलुस सुरीन और जेठा कच्छप की जमानत पर दलीलें पूरी
खेल शिक्षक पर गंभीर आरोप, जांच की मांग
ज्ञापन में खेल शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. छात्रों का कहना है कि उनसे अवैध रूप से धन वसूला जाता है तथा विशेषकर महिला छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार और दुर्व्यवहार किया जाता है. छात्रों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
छात्रों ने यह भी कहा कि खेल प्रतियोगिताओं के लिए नियमित चयन प्रक्रिया नहीं होने से खिलाड़ियों में असंतोष है और खेल प्रतिभाओं का विकास बाधित हो रहा है. इससे संस्थान की छवि भी प्रभावित हो रही है.
इस दौरान सीमा मुर्मू, झारखंड स्टूडेंट्स स्पोर्ट्स यूनियन के अनूप यादव समेत विवेक, रोहित राज, स्मृति, आकाश गुप्ता, तनु, प्रियांशु और अन्य खिलाड़ी मौजूद रहे. विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मनोहर ने छात्रों को आश्वासन दिया कि खेल विभाग से जुड़े सभी मामलों को संज्ञान में लिया गया है और जल्द जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
