Chakradharpur: चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत करंजो स्थित बिरसा सेवा संस्थान में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा आयोजित “कम तेल की थाली, देश की खुशहाली” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया. कार्यक्रम प्रभारी सह प्रदेश उपाध्यक्ष मालती गिलुवा, संयोजक सीमा कुमारी मुंडारी एवं सह संयोजक लखी मुंडा की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ.
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया गया जागरूक
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा दैनिक भोजन में तेल की मात्रा कम करने के लिए जागरूक किया गया. वक्ताओं ने कहा कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव पर दिया गया जोर
प्रदेश उपाध्यक्ष मालती गिलुवा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न अभियान चलाए जा रहे हैं. “कम तेल की थाली, देश की खुशहाली” अभियान का उद्देश्य लोगों को हृदय रोग, मधुमेह एवं अन्य जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव हेतु प्रेरित करना है.
महिलाओं ने लिया स्वस्थ भारत का संकल्प
कार्यक्रम में महिलाओं ने कम तेल वाले पौष्टिक भोजन को अपनाने का संकल्प लिया तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का निर्णय लिया. कार्यक्रम का समापन स्वस्थ भारत एवं समृद्ध भारत के संकल्प के साथ किया गया.



