झारखंड में मौसम का अचानक यू-टर्न, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से राहत के साथ बढ़ी परेशानी

रांची: झारखंड की राजधानी रांची समेत कई जिलों में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली. तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि...

रांची: झारखंड की राजधानी रांची समेत कई जिलों में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली. तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि ने भीषण गर्मी से राहत दी, लेकिन कई जगहों पर जनजीवन प्रभावित हुआ. मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए आंधी, बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी करते हुए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट और अन्य क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया है. एक से पांच मई तक हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है.

तापमान में गिरावट, जनजीवन प्रभावित

मौसम के इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, लेकिन कई इलाकों में नुकसान भी हुआ. बेड़ो के नेहालू-अम्बाटोली क्षेत्र में तेज हवा और ओलावृष्टि से फसलों को आंशिक क्षति पहुंची. वहीं, सड़क पर पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा.

पेड़ की डाल गिरने से छात्राएं घायल

ओरमांझी के कुकुई गांव में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़ी दो छात्राओं पर डाल गिर गई, जिससे वे घायल हो गईं. उन्हें स्थानीय स्तर पर इलाज के लिए पहुंचाया गया.

Also Read: झारखंड: सैटेलाइट से रखी जा रही नशे के कारोबार पर नजर,तीन सालों में 300 से अधिक इनपुट पर हुई कार्रवाई

बिजली व्यवस्था हुई बाधित

रांची में आंधी और बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही. नामकुम-सिकिदरी हाई वोल्टेज लाइन ट्रिप कर गई, जबकि हटिया-कांके अंडरग्राउंड केबल में खराबी आने से कई इलाकों में बिजली बाधित रही.

इन जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार 30 अप्रैल को चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़ और रांची जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि, गर्जन और वज्रपात के साथ 50–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है. वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में भी 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज और वज्रपात हो सकते हैं.

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *