Silli: सिल्ली से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मार्केट के समीप एक 20 वर्षीय महिला का शव उसके ही घर में फांसी के फंदे से लटकता मिला है. मृतका की पहचान राकेश कोइरी की पत्नी अंजली देवी के रूप में हुई है. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
घरेलू विवाद का एंगल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था, जिससे घर का माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ था. बताया जा रहा है कि आए दिन झगड़े होते थे, जिसने इस मामले को और संदिग्ध बना दिया है.
मायके पक्ष का गंभीर आरोप
मामला तब और गंभीर हो गया जब मृतका के मायके पक्ष ने इसे सीधे-सीधे हत्या करार दिया. मृतका के भाई विकास कोइरी ने चौंकाने वाला आरोप लगाते हुए बताया कि 4 साल पहले हुई शादी के बाद से ही अंजली को प्रताड़ित किया जाता था. घटना से ठीक पहले अंजली ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट हो रही है. कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर आ गई, जिससे पूरे परिवार में कोहराम मच गया.
पुलिस जांच में जुटी, दोनों एंगल से पड़ताल
घटना की सूचना मिलते ही सिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में शव को फंदे से उतारा. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी सच्चाई
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी. इसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इलाके में दहशत, सच का इंतजार
इस घटना के बाद सिल्ली में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं. स्थानीय लोग दहशत और चिंता में हैं. अब सभी को इंतजार है कि आखिर अंजली की मौत के पीछे की सच्चाई क्या है.
ALSO READ: DC अब तो बता दीजिए री एडमिशन फीस खत्म होने के बाद कितने स्कूल ने फीस कम कर दिया?
