Koderma: जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत गजरे निवासी 22 वर्षीय अफरोज आलम की गुजरात में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के पिता का नाम नेजाम अंसारी है. घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

मिली जानकारी के अनुसार अफरोज आलम करीब पांच महीने पहले गुजरात के भरूच जिला स्थित नोबीपुर थाना क्षेत्र के सुखलटीरट बालू घाट में मशीन ऑपरेटर के रूप में काम करने गए थे. परिजनों का कहना है कि मशीन मालिक अफरोज को बेटे की तरह रखता था. इसी बीच 17 मई को परिवार को फोन कर सूचना दी गई कि अफरोज ने आत्महत्या कर ली है.
घटना की जानकारी मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि अफरोज का शव मशीन के बकेट से दबा हुआ था. इसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई. मृतक के पिता नेजाम अंसारी का आरोप है कि जिस पोकलेन मशीन पर अफरोज काम करते थे, उसी मशीन के बकेट से गर्दन दबाकर उनकी हत्या की गई है.
परिजनों की झारखंड सरकार से मांग
वहीं सूचना मिलने के बाद गुजरात पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद एंबुलेंस के जरिए शव को उनके पैतृक गांव गजरे लाया गया. शव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई.
बाद में गजरे स्थित कब्रिस्तान खांड़ी में अफरोज आलम को सुपुर्द-ए-खाक किया गया. परिजनों ने झारखंड सरकार और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.
ALSO READ: गिरिडीह में ऑल इंडिया केमिस्ट्स बंद का व्यापक असर
