बजट सेगमेंट में Samsung का नया दांव, 12,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया Galaxy F70e

Technology News: Samsung ने भारत में अपना नया बजट 5G स्मार्टफोन Galaxy F70e 5G लॉन्च कर दिया है. यह कंपनी की नई Galaxy F70 सीरीज का पहला फोन है. किफायती कीमत के बावजूद यह स्मार्टफोन कई ऐसे फीचर्स के साथ आता है, जो आमतौर पर महंगे फोन्स में देखने को मिलते हैं. यही वजह है कि यह फोन बजट कैटेगरी में लोगों का ध्यान खींच रहा है.

कीमत और उपलब्धता

Samsung Galaxy F70e 5G की शुरुआती कीमत 12,999 रुपये रखी गई है, जिसमें 4GB RAM और 128GB स्टोरेज मिलती है. वहीं, 6GB RAM और 128GB स्टोरेज वाला वेरिएंट 14,499 रुपये में उपलब्ध होगा.  कंपनी लॉन्च ऑफर के तहत 500 रुपये का इंस्टेंट डिस्काउंट भी दे रही है. फोन की बिक्री 17 फरवरी से शुरू होगी. यह स्मार्टफोन Limelight Green और Spotlight Blue रंगों में Flipkart और Samsung की ऑफिशियल वेबसाइट पर मिलेगा.

डिस्प्ले और डिजाइन

Galaxy F70e 5G में 6.7 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है. इसकी पीक ब्राइटनेस 800 निट्स तक जाती है, जिससे तेज रोशनी में भी स्क्रीन साफ दिखाई देती है.

डिजाइन कि बात करें, तो फोन के बैक पैनल पर लेदर फिनिश दी गई है, जो इसे प्रीमियम लुक देती है. रियर कैमरा पिल शेप मॉड्यूल में मौजूद है, जबकि फ्रंट में वॉटरड्रॉप नॉच दिया गया है.

परफॉर्मेंस और हार्डवेयर

फोन में MediaTek Dimensity 6300 ऑक्टा कोर प्रोसेसर दिया गया है, जिसकी क्लॉक स्पीड 2.4GHz तक है. इसके साथ ARM Mali G57 GPU और 6GB तक LPDDR4x RAM मिलती है.

Samsung के अनुसार, यह फोन AnTuTu बेंचमार्क पर करीब 6,23,000 का स्कोर करता है, जिससे यह एंट्री लेवल 5G सेगमेंट में मजबूत परफॉर्मेंस देने का दावा करता है. इसमें 128GB इंटरनल स्टोरेज दी गई है.

कैमरा फीचर्स

फोटोग्राफी के लिए Galaxy F70e 5G में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है. इसमें 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और 2 मेगापिक्सल का डेप्थ सेंसर शामिल है, जो पोर्ट्रेट शॉट्स के लिए काम आता है.

सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है.

बैटरी और सॉफ्टवेयर

इस स्मार्टफोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 6000mAh की बैटरी है, जो लंबे समय तक इस्तेमाल के लिए डिजाइन की गई है.

फोन Android 16 पर बेस्ड One UI 8 पर चलता है. खास बात यह है कि Samsung इस फोन के लिए छह साल तक ऑपरेटिंग सिस्टम और सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा कर रही है, जो इस कीमत में बहुत कम देखने को मिलता है.

साइज और वजन

Galaxy F70e 5G का साइज 167.4 x 77.4 x 8.2mm है और इसका वजन करीब 199 ग्राम है. बड़ी बैटरी के बावजूद फोन का डिजाइन पतला और संतुलित रखा गया है.