फोन खो गया? घबराएं नहीं, इस फीचर से मिनटों में करें ट्रैक

Technology News: आज के समय में स्मार्टफोन सिर्फ एक गैजेट नहीं, बल्कि हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. बैंक डिटेल्स, UPI ऐप्स, पर्सनल फोटो, डॉक्यूमेंट्स और सोशल मीडिया अकाउंट सब कुछ इसी छोटे से डिवाइस में रहता है. ऐसे में अगर फोन खो जाए या चोरी हो जाए, तो ऐसा लगता है जैसे पूरी दुनिया रुक गई हो. लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है. अगर आप तुरंत सही कदम उठाते हैं, तो आप अपने डेटा और पैसे दोनों को सुरक्षित रख सकते हैं. इसके लिए बस आपको एक एप की जरूरत पड़ेगी. आइए जानते हैं इसके बारे में. 

क्या है ‘Find My Device’ फीचर?

कई लोग अब भी इस जरूरी फीचर के बारे में नहीं जानते. Find My Device एक इन-बिल्ट सिक्योरिटी टूल है, जो हर Android फोन में मौजूद होता है. इसकी मदद से आप बिना किसी थर्ड-पार्टी ऐप के अपने खोए या चोरी हुए फोन को ट्रैक कर सकते हैं. यह फीचर आपके Google अकाउंट से जुड़ा होता है और फोन की लोकेशन दिखाने में मदद करता है.

Google से ऐसे ट्रैक करें अपना खोया फोन

अगर आपका फोन खो गया है, तो ये आसान स्टेप्स फॉलो करें:

  • किसी दूसरे स्मार्टफोन, लैपटॉप या डेस्कटॉप का इस्तेमाल करें.

  • उसी Google अकाउंट से लॉग-इन करें जो आपके खोए हुए फोन में था.

  • ब्राउजर या ऐप के जरिए Find My Device वेबसाइट खोलें.

  • डिवाइस लिस्ट में अपना फोन चुनें.

  • कुछ ही सेकंड में मैप पर आपके फोन की आखिरी लोकेशन दिख जाएगी.

Find My Device से और क्या कर सकते हैं?

यह फीचर सिर्फ लोकेशन दिखाने तक सीमित नहीं है. आप इससे:

  • फोन को फुल वॉल्यूम पर रिंग कर सकते हैं, भले ही वह साइलेंट मोड पर हो

  • फोन को दूर से लॉक कर सकते हैं

  • स्क्रीन पर अपना संपर्क नंबर दिखा सकते हैं

  • जरूरत पड़ने पर पूरा डेटा डिलीट कर सकते हैं

  • ध्यान रखें कि यह फीचर तभी सही तरीके से काम करता है, जब फोन में इंटरनेट और लोकेशन सर्विस ऑन हो. इसलिए नया फोन लेते ही इन सेटिंग्स को एक्टिव रखना बेहद जरूरी है.

अगर चोर ने फोन स्विच ऑफ कर दिया तो?

अक्सर लोग सोचते हैं कि अगर चोर ने फोन बंद कर दिया, तो उसे ट्रैक करना नामुमकिन हो जाता है. लेकिन यह पूरी तरह सही नहीं है. Android और iPhone दोनों ही फोन के बंद होने से पहले की आखिरी ऑनलाइन लोकेशन सेव रखते हैं. इससे आपको पता चल सकता है कि फोन आखिरी बार कहां एक्टिव था. जरूरत पड़ने पर यह जानकारी पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में भी मदद कर सकती है.

याद रखें, तेजी ही सुरक्षा है

फोन खोने के बाद घबराने के बजाय तुरंत कार्रवाई करना सबसे जरूरी है.

  • Google अकाउंट पासवर्ड बदलें

  • बैंक और UPI ऐप्स को अस्थायी रूप से ब्लॉक करें

  • सिम कार्ड बंद कराएं

  • और Find My Device से फोन ट्रैक करें.