Jamshedpur : जमशेदपुर विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है. क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा साहू द्वारा बागुनहातु सहित विभिन्न इलाकों में नए ट्रांसफार्मर लगाने एवं पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग पर झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने सकारात्मक रुख अपनाया है. विधायक ने JBVNL के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बिजली की मांग का मुद्दा उठाया था. उन्होंने बताया कि बढ़ती आबादी और नए बिजली कनेक्शनों के कारण कई ट्रांसफार्मरों पर उनकी निर्धारित क्षमता से अधिक भार पड़ रहा है. इसके चलते लोगों को बार-बार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और ट्रांसफार्मरों के खराब होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग
अपने पत्र में विधायक ने विशेष रूप से बागुनहातु समेत कई क्षेत्रों में नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना और जरूरत के अनुसार मौजूदा ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग की थी, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके. इस संबंध में जेबीवीएनएल, जमशेदपुर के महाप्रबंधक ने विधायक को आश्वस्त किया है कि पत्र में उठाए गए सभी बिंदुओं की तकनीकी जांच कराई जाएगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर जिन स्थानों पर नए ट्रांसफार्मरों की आवश्यकता होगी, वहां प्राथमिकता के आधार पर स्थापना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. वहीं, जहां क्षमता वृद्धि की जरूरत होगी, वहां भी आवश्यक कार्रवाई शीघ्र की जाएगी. विधायक पूर्णिमा साहू ने विभाग के सकारात्मक रवैये का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इस पहल से क्षेत्रवासियों को लो-वोल्टेज और बार-बार होने वाली बिजली कटौती की समस्या से राहत मिलेगी. साथ ही आने वाले समय में बिजली आपूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा लोगों को निर्बाध विद्युत सेवा का लाभ मिल सकेगा.

Also Read : जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड में 103 दिनों बाद काम पर लौटे रोजगार सेवक, कार्यालय में दिया योगदान


