Click Here
Click Here
Click Here

कोडरमा मे बैंक चौकीदार पर हमला, जाँच मे जुटी पुलिस

Koderma: जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ इंडिया की फुलवरिया शाखा में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब...

Koderma: जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ इंडिया की फुलवरिया शाखा में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बैंक आए एक युवक ने ड्यूटी पर तैनात चौकीदार पर अचानक ईंट और पत्थर से हमला कर दिया. इस हमले में 55 वर्षीय चौकीदार रसकलाल पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे बैंक के कर्मचारी और ग्राहक अपने-अपने कार्यों में व्यस्त थे. इसी दौरान बैंक के बाहर अचानक शोर-शराबा होने लगा. बाहर निकलकर लोगों ने देखा कि एक युवक चौकीदार पर ईंट और पत्थर से हमला कर रहा है.

लोगों को भी बनाया निशाना

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब मौजूद लोगों ने युवक को रोकने और समझाने का प्रयास किया तो उसने उन पर भी ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए. हालांकि इस दौरान अन्य कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ. हंगामे के दौरान युवक ने अपने सिर पर भी ईंट और पत्थर से वार करना शुरू कर दिया, जिससे वह स्वयं भी गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने उसे काबू में कर रस्सी के सहारे बैंक के बाहर एक लोहे के खंभे से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी. घटना की सूचना मिलते ही नवलशाही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चौकीदार तथा युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया गया.

मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा युवक

नवलशाही थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हमला करने वाला युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत होता है. उसकी पहचान 24 वर्षीय दिलीप यादव, पिता गिरधारी यादव, निवासी ग्राम बीरजामू, थाना डोमचांच के रूप में हुई है. बताया गया कि वह वर्तमान में पुरनाडीह स्थित अपनी मौसी के घर रह रहा था. पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. युवक के परिजनों से संपर्क स्थापित कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. साथ ही घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है.

ALSO READ : 20 साल बाद सीबीआई को सफलता: धनबाद में चर्चित कांड में शामिल दो मुख्य आरोपी महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार, रेड कॉर्नर नोटिस हुआ था जारी

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *