Ranchi: 22 माह की मासूम अदिति पाण्डेय के लापता होने का मामला अब राजभवन तक पहुंच गया है. आज अदिति के पिता मनीष पाण्डेय ने झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से लोक भवन, रांची में मुलाकात कर अपनी बेटी के लापता होने की पूरी जानकारी दी और न्याय व त्वरित कार्रवाई की मांग की. मुलाकात के दौरान मनीष पाण्डेय ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि उनकी 22 माह की बेटी अदिति पाण्डेय लापता है और परिवार पिछले कई दिनों से उसकी तलाश में भटक रहा है. उन्होंने बच्ची को जल्द से जल्द खोज निकालने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी कदम उठाने की अपील की.

राज्यपाल ने जताई गहरी चिंता
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना. उन्होंने मासूम बच्ची के लापता होने पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में हर पल महत्वपूर्ण होता है और प्रशासन को पूरी तत्परता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए. मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्यपाल ने तत्काल राज्य के मुख्य सचिव से दूरभाष पर बातचीत की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अदिति की खोजबीन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए बच्ची को जल्द से जल्द खोजने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं.
ALSO READ: गुमला जिला विज्ञान केंद्र में 9 से 11 जून तक तीन दिवसीय समर कैंप का आयोजन
खोज अभियान तेज करने का निर्देश
राज्यपाल ने अधिकारियों से कहा कि मामले की लगातार निगरानी की जाए तथा खोज अभियान को और तेज किया जाए, ताकि बच्ची को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके. उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार और प्रशासन इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रहे हैं.
