Ranchi: राजधानी रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश ताना भगत इंडोर स्टेडियम में एक मई से शुरू होने वाली तीसरी सिकोकई ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप में इस बार भारतीय सेना के जवान भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. भारतीय सेना की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी गई है और टीम के सभी खिलाड़ियों का पंजीकरण भी पूरा कर लिया गया है.
17 सदस्यीय टीम लेगी हिस्सा, गुवाहाटी से पहुंचेगी रांची
17 सदस्यीय भारतीय सेना टीम मुख्य कोच भारत भूषण के नेतृत्व में प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी. टीम के खिलाड़ी अपने-अपने आयु वर्ग और वजन वर्ग के अनुसार अलग-अलग स्पर्धाओं में भाग लेंगे. सेना की टीम एक मई को गुवाहाटी से रांची पहुंचेगी.
कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन के ट्राइबल एंड माइनॉरिटी डेवलपमेंट कमिश्नर के चेयरमैन सह प्रतियोगिता के मुख्य आयोजक रेंशी सुनील किस्पोट्टा ने बताया कि हर वर्ष इस प्रतियोगिता के स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाता है. पहली बार भारतीय सेना के जवान इस प्रतियोगिता में भाग लेने झारखंड आ रहे हैं, जो आयोजन के लिए गौरव की बात है.
SSB और ITBP की भागीदारी की भी संभावना
उन्होंने कहा कि सेना के अलावा सशस्त्र सीमा बल (SSB) और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के खिलाड़ियों के भाग लेने की भी संभावना है. जवानों की मौजूदगी से प्रतियोगिता का स्तर और रोमांच दोनों बढ़ेंगे.
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में हांशी भरत शर्मा शामिल होंगे. वह साउथ एशियन कराटे फेडरेशन के अध्यक्ष तथा कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष हैं. उनकी मौजूदगी से आयोजन की गरिमा और बढ़ेगी. आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का संचालन वर्ल्ड कराटे फेडरेशन और एशियन कराटे फेडरेशन से जुड़े जज और रेफरी करेंगे.
ALSO READ: पानी-बिजली संकट पर झारखंड में सियासी घमासान, भाजपा करेगी जिलावार आंदोलन
भारतीय सेना टीम में शामिल खिलाड़ी
मुख्य कोच भारत भूषण, पी कंडीशनर लालछन दामा, केतन सिंह थापा, सुंदर सुनारी, आयुष यादव, मनीष, रजत कश्यप, नईम खान, अक्षय कुमार, अरविन्दर सिंह, नवीन कुमार, टी.एच. रविकांत सिंह, दीपक वर्मा, एम. दिनेश, मुकुल शर्मा, मोहन और विशाल शामिल हैं.
