Palamu : बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडरों की कीमतों में हुई बेतहाशा बढ़ोतरी के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पलामू जिला समिति ने बुधवार को समाहरणालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया. झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य सह उपाध्यक्ष सन्नू सिद्दीकी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा.
जनता त्रस्त केंद्र सरकार मस्त: सन्नू सिद्दीकी

धरना को संबोधित करते हुए सन्नू सिद्दीकी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला, उन्होंने कहा कि देश की जनता महंगाई की मार झेल रही है, लेकिन सरकार को आम आदमी की पीड़ा की कोई चिंता नहीं है, सिद्दीकी ने कहा कि छोटे गैस सिलेंडर में ₹261 और कमर्शियल सिलेंडर में ₹993 की वृद्धि गरीब, मजदूर और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ने वाली है.
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
झामुमो नेता ने चेतावनी दी कि यदि बढ़ी हुई कीमतें जल्द वापस नहीं ली गईं, तो पार्टी सड़क से सदन तक उग्र आंदोलन करेगी, उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा गरीब, आदिवासी और अल्पसंख्यकों के हक की आवाज बुलंद करता रहेगा, कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव रंजन चंद्रवंशी ने किया.
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
इस मौके पर केंद्रीय समिति सदस्य चंदन सिंहा, सलोनी टोपनो, हाजी शमीम, जिला उपाध्यक्ष राकेश सिन्हा, असफर रब्बानी, संगठन सचिव देवानंद भारद्वाज, महानगर अध्यक्ष रंजीत जायसवाल, मन्नत बग्गा और महिला मोर्चा से कांति चंद्रवंशी सहित सैकड़ों की संख्या में जिला व प्रखंड स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए.
Also Read : नेपाल में जीत का परचम लहराकर लौटे झारखंड के बधिर क्रिकेटर, राज्यपाल ने बढ़ाया उत्साह
