Hazaribagh : शहर की बड़ी आबादी इन दिनों गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रही है. हजारीबाग शहर को पानी उपलब्ध कराने वाले छड़वा डैम में जलस्तर लगातार घटने से स्थिति चिंताजनक हो गई है. हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में नियमित जलापूर्ति बाधित हो रही है और लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है.

डैम का जलस्तर पहुंचा निचले स्तर पर
जानकारी के अनुसार, हाल ही में हुई भारी बारिश के दौरान डैम का एक गेट क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके कारण बड़ी मात्रा में पानी बह गया. इसका असर अब साफ दिखाई देने लगा है. डैम का जलस्तर घटकर लगभग 16 फीट तक पहुंच गया है, जिससे शहर की पेयजल व्यवस्था पर संकट गहरा गया है.
कभी 15 मिनट तो कभी 20 मिनट ही मिल रहा पानी
शहर के कई मोहल्लों में जलापूर्ति अनियमित हो गई है. कहीं 15 मिनट तो कहीं 20 मिनट तक ही पानी की सप्लाई हो पा रही है. कम दबाव के कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लोगों तक पानी पहुंच ही नहीं रहा है. कई घरों में मोटर चलाने के बावजूद पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है.
80 साल पुराने गेट बने चिंता का कारण
छड़वा डैम के गेट करीब 80 वर्ष पुराने बताए जा रहे हैं. डैम में कुल 14 गेट हैं और अधिकांश गेट जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं. स्थानीय लोगों और जानकारों का कहना है कि समय रहते इन गेटों का नवीनीकरण नहीं किया गया तो आगामी मानसून में और भी गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है. पुराने गेट कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं.
मरम्मत के बाद भी नहीं दूर हुई समस्या
डैम के क्षतिग्रस्त गेट की मरम्मत तो कर दी गई है, लेकिन अन्य गेटों की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है. कई स्थानों पर रिसाव और तकनीकी खामियां सामने आ रही हैं. इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जाने से लोगों में नाराजगी है.
Also Read : NH-33 पर सड़क हादसा, दो टेम्पो की आमने-सामने टक्कर में 6 घायल
