Ranchi: रांची में जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत चल रहे मकान सूचीकरण और मकानों की गणना कार्य को केंद्रीय टीम ने सराहा है. गृह मंत्रालय, भारत सरकार के अपर महारजिस्ट्रार एवं झारखंड जनगणना कार्य निदेशालय के निदेशक-सह-मुख्य प्रधान जनगणना पदाधिकारी सुनील कुमार ने कहा, कि रांची जिला में जनगणना का कार्य बेहद सुव्यवस्थित, प्रभावशाली और तय मानकों के अनुरूप किया जा रहा है.

केंद्रीय टीम ने जनगणना कार्यों का किया निरीक्षण
रांची दौरे के दौरान सुनील कुमार ने प्रधान जनगणना पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात की. इस अवसर पर उपायुक्त ने उन्हें शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया. बैठक में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-उप जिला जनगणना पदाधिकारी शेषनाथ बैठा समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे. केंद्रीय टीम ने 19 से 21 मई 2026 तक ओरमांझी, नामकुम और कांके प्रखंड के दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर जनगणना कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान प्रगणकों द्वारा तैयार किए गए नजरी नक्शों का मिलान किया गया और उनसे विभिन्न बिंदुओं पर सवाल पूछे गए. टीम ने प्रगणकों के जवाबों और उनकी कार्यशैली को संतोषजनक बताया.
यह भी पढ़ें: अवैध कोयला खनन के खिलाफ उठी आवाज को दबाने के खिलाफ आजसू ने किया सरकार का पुतला दहन
