Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत तिल्ला पंचायत के ग्राम कुशपुतुल, वार्ड संख्या-8 में पेयजल संकट गहरा गया है. यहां धीरेन गोप के घर के सामने लगा सोलर पंप/चापाकल पिछले 15 दिनों से खराब पड़ा है. इससे करीब 50 परिवारों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया है. ग्रामीणों ने बताया कि मुखिया बिनापानी मांझी के निर्देश पर मिस्त्री सोलर पंप को मरम्मत के लिए खोलकर ले गए थे. लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी मिस्त्री द्वारा पंप वापस नहीं लगाया गया है. गांव के लोग दैनिक उपयोग के लिए दूर-दराज के जलस्रोतों से पानी ढोने को मजबूर हैं. गर्मी और उमस के बीच बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है. खाना बनाने से लेकर पीने, नहाने और मवेशियों के लिए पानी, हर काम के लिए लोगों को मशक्कत करनी पड़ रही है.
मरम्मत के नाम पर अब तक मिला सिर्फ आश्वासन
ग्रामीणों का कहना है, कि मिस्त्री द्वारा पंप लेकर गए हुए 15 दिन हो गए. मुखिया से पूछने पर उन्होंने कहा, कि बन रहा है, लग जाएगा. लेकिन कब लगेगा ये नहीं बताया जा रहा. ऐसे में 50 घर का आदमी कहां से पानी लाए? ग्रामीणों का आरोप है, कि मरम्मत के नाम पर अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है. पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा नहीं मिलने से लोगों में आक्रोश है.

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है. लोगों का कहना है कि जल्द से जल्द सोलर पंप की मरम्मत कराकर पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए. सरकार हर घर नल-जल योजना की बात करती है, लेकिन कुशपुतुल गांव में एकमात्र सोलर पंप भी 15 दिन से बंद है. देखना होगा कि प्रशासन इस पर कितनी जल्दी संज्ञान लेता है.
यह भी पढ़ें: सीएम हेमंत सोरेन खुद कार ड्राइव कर पत्नी कल्पना सोरेन संग पहुंचे जोन्हा फॉल, ग्रामीणों से की मुलाकात


