रेलवे ट्रैक पर मिले तीन शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Bokaro: रेलवे स्टेशन से लगभग 8-9 किलोमीटर दूर राधानगर पंचायत के लावाटांड़ क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर गुरुवार अहले सुबह करीब साढ़े...

Bokaro: रेलवे स्टेशन से लगभग 8-9 किलोमीटर दूर राधानगर पंचायत के लावाटांड़ क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर गुरुवार अहले सुबह करीब साढ़े तीन बजे तीन युवकों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना पर जीआरपी बोकारो पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. मृतकों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है.

मृतकों की पहचान

मृतकों में एक युवक की पहचान बबलू सोरेन (19 वर्ष), पिता सूरजलाल सोरेन, निवासी मडवाडीह, टीकाहारा, बरकी पुनु गांव, गोमिया प्रखंड के रूप में हुई है. वहीं, दो अन्य मृतकों की पहचान दीपक सोरेन (20 वर्ष) और बाबूराम मुर्मू (लगभग 19 वर्ष) के रूप में की गई है. तीनों युवक डेली मजदूरी का काम करते थे.

पुलिस ने शुरू की जांच

जीआरपी थाना पुलिस को सुबह करीब 3:30 बजे घटना की सूचना मिली, जबकि घटना रात लगभग 1:30 से 2:00 बजे के बीच होने की संभावना जताई जा रही है. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

Also Read: वन विभाग ने लगाये 1.92 करोड़ पौधे, नदी तटों से लेकर शहरों तक हुआ पौधारोपण, ऑडिट रिर्पोट में हुआ खुलासा

मौके से बाइक, शराब की बोतलें और मोबाइल बरामद

घटना रेलवे पोल संख्या 398/16-17 के पास की है. रेलवे ट्रैक से कुछ दूरी पर एक काले रंग की मोटरसाइकिल (नंबर JH 09AY 2139), शराब की बोतलें और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तीनों युवकों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है.

प्रेम प्रसंग का एंगल

जीआरपी थाना पहुंचे महुआटांड़ पंचायत के उपमुखिया छोटे राम मुर्मू ने बताया कि बबलू सोरेन का एक लड़की से प्रेम संबंध था. वह रात में अक्सर उस लड़की से फोन पर बात करता था. वहीं, दीपक सोरेन के भाई सुर्जन सोरेन ने बताया कि तीनों दोस्त शाम करीब 7 बजे एक साथ बैठे थे. इसके बाद एक फोन आने पर वे मिलने के लिए निकले थे.

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

परिजनों के अनुसार, रात करीब 10 बजे से पहले अंतिम बार दीपक से बात हुई थी. इसके बाद उसने फोन रिसीव नहीं किया. ऐसे में परिजन अनहोनी की आशंका के बीच रात गुजारने को विवश थे. सुबह जीआरपी पुलिस ने घटना की जानकारी दी. स्वजनों का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.

हर पहलू पर जांच

फिलहाल पुलिस हादसा और हत्या, दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मामले के हर पहलू की जांच कर रही है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *