Jamtara: रूपनारायणपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां चलती ट्रेन की चपेट में आने से करीब 40 वर्षीय एक अज्ञात युवक की मौत हो गई. घटना स्टेशन परिसर स्थित ओवरब्रिज के नीचे रेलवे लाइन किनारे हुई. सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) मौके पर पहुंची और युवक को गंभीर हालत में रेस्क्यू कर चित्तरंजन KG अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

खून से लथपथ हालत में मिला युवक
मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 11:30 बजे RPF को ट्रैक किनारे एक युवक के खून से लथपथ पड़े होने की सूचना मिली थी. अस्पताल सूत्रों के अनुसार मृतक के सिर के बाईं ओर गंभीर चोट थी, जो उसकी मौत का कारण बनी.
हादसा या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
घटना को लेकर अब भी संशय बना हुआ है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक चलती ट्रेन से गिरा हो सकता है, जबकि कुछ लोग आत्महत्या की आशंका भी जता रहे हैं. फिलहाल पुलिस और RPF दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही हैं.
ALSO READ: गुलाब आइसक्रीम: गर्मियों का शाही स्वाद, घर पर बनाएं आसानी से
मोबाइल मिला, पहचान अब तक नहीं
मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. पुलिस को युवक के पास से एक एंड्रॉयड स्मार्टफोन मिला है, लेकिन फोन लॉक होने के कारण उसके परिजनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है. साइबर विशेषज्ञों की मदद से फोन अनलॉक करने का प्रयास जारी है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस के अनुसार मृतक ने भूरे रंग का ट्रैक सूट तथा अंदर हरे रंग की पूरी बाजू की जर्सी पहन रखी थी. उसके बाल बिखरे हुए थे और चेहरे पर दाढ़ी थी. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आसपास के थानों को पहचान के लिए सूचना दे दी गई है.
