बकरीद से पहले बड़कागांव में पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, फ्लैग मार्च और मॉकड्रिल से उपद्रवियों को चेतावनी

Hazaribagh: आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बड़कागांव पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में...

Hazaribagh: आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बड़कागांव पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई. बड़कागांव मुख्य चौक पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में विशाल मॉकड्रिल और फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया. इस दौरान भारी संख्या में पुलिस जवान, दंगा नियंत्रण वाहन और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के साथ सड़क पर उतरे, जिससे पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील दिखाई दिया.

मुख्य चौक पर हुआ लाइव दंगा नियंत्रण अभ्यास

मॉकड्रिल के दौरान पुलिस जवानों ने दंगाइयों और हिंसक भीड़ से निपटने का सजीव प्रदर्शन किया. अभ्यास में चरणबद्ध तरीके से यह दिखाया गया कि उपद्रव की स्थिति में पुलिस किस प्रकार कार्रवाई करती है. इस दौरान मुख्य चौक पर मौजूद लोग और दुकानदार पुलिस की तैयारी देखकर हैरान रह गए. कई लोगों ने इसे अब तक का सबसे बड़ा सुरक्षा अभ्यास बताया.

Also Read: 10.09 सेकंड में सौ मीटर दौड़ गुरिंदर वीर ने बनाया नेशनल रिकॉर्ड

अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर

मॉकड्रिल के बाद एसडीपीओ अमित आनंद ने आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें. सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.

एसडीपीओ ने कहा कि बड़कागांव में हर हाल में शांति व्यवस्था कायम रखी जाएगी. उपद्रवियों और अफवाहबाजों को सीधे जेल भेजा जाएगा. सोशल मीडिया मॉनिटरिंग लगातार जारी है. पुलिस हर संवेदनशील क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है.

संवेदनशील इलाकों में निकाला गया फ्लैग मार्च

मुख्य चौक से शुरू हुआ फ्लैग मार्च बड़कागांव के कई संवेदनशील और घनी आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजरा. पुलिस अधिकारियों ने स्वयं पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों को भरोसा दिलाया कि त्योहार पूरी सुरक्षा के बीच मनाया जाएगा.

पुलिस की सख्ती से उपद्रवियों में हड़कंप

बड़कागांव पुलिस के इस बड़े शक्ति प्रदर्शन के बाद इलाके में शांति व्यवस्था को लेकर आम लोगों ने राहत जताई है. वहीं असामाजिक तत्वों और माहौल बिगाड़ने की फिराक में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है. प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि बकरीद पर्व पर भाईचारा बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *