Giridih: गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत घुठिया थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. नारोटांड जंगल स्थित लेढ़वा पहाड़ी के पास चढ़ाव पर सवारी से भरा टेम्पू अनियंत्रित होकर पीछे ढुलक गया और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया. इस हादसे में एक 15 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत छह लोग घायल हो गए.
टेम्पू के नीचे दबने से किशोरी की मौत
मृतका की पहचान बरदेही निवासी दशरथ सिंह की 15 वर्षीय पुत्री के रूप में की गई है. बताया जाता है कि हादसे के दौरान किशोरी टेम्पू के नीचे दब गई, जिससे उसकी जान चली गई. वहीं दुर्घटना में टेम्पू चालक 40 वर्षीय शिवकुमार रविदास सहित पांच अन्य लोग घायल हो गए. घायलों को उपचार के लिए बिहार के चननबर और जमुई क्षेत्र के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
ALSO READ: Gumla: करंज पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, आत्महत्या से गांव में शोक
पुलिस मौके पर पहुंची, पोस्टमार्टम को लेकर असमंजस
घटना की सूचना मिलते ही घुठिया थाना प्रभारी एवं थानसिंहडीह पंचायत के मुखिया मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन और गांव के कुछ लोग पोस्टमार्टम कराने के पक्ष में नहीं थे. फिलहाल पुलिस ग्रामीणों को समझाने में जुटी है ताकि कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके. इस दर्दनाक हादसे के बाद बरदेही गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है.
